तहसील प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद नौला-मानिला पम्पिंग पेयजल योजना को लेकर प्रस्तावित आंदोलन फिलहाल स्थगित, मांगें पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं जन सुरक्षा समिति भिकियासैंण के अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि नौला-मानिला पम्पिंग पेयजल योजना की खामियों को लेकर तहसील मुख्यालय भिकियासैंण में प्रस्तावित आंदोलन को तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद फिलहाल कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि फिलहाल पुराने टैंक से पूर्ववत जलापूर्ति शुरु कर दी गई है तथा गाँवों में पेयजल वितरण प्रणाली को युद्धस्तर पर दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही पम्प हाउसों पर वोल्टेज स्टेबलाइजर स्थापित करने के लिए प्राक्कलन तैयार कर स्वीकृति हेतु उच्चाधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए भी समुचित प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि शहीद मेजर राजेश अधिकारी की स्मृति में वर्ष 2005 में स्वीकृत तीन किलोमीटर सड़क मार्ग के स्थान पर विभाग ने केवल दो किलोमीटर सड़क का निर्माण किया है, जबकि पिछले दो दशकों से शेष एक किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिशासी अभियंता द्वारा पर्यावरणीय स्वीकृति मिलने के बाद शेष सड़क बनाने की बात करना हास्यास्पद है, क्योंकि तीन किलोमीटर मार्ग की पर्यावरणीय स्वीकृति वर्ष 2018 में ही प्राप्त हो चुकी है।

उन्होंने यह भी कहा कि सिनार–बहेड़ा–रहड़धार–दल्मोड़ी तथा बाड़ीकोट–जैठा–खुरेड़ी–कोटियाग मोटर मार्ग को रिखाड़ तक जोड़ने के संबंध में भी विभाग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।

तुला सिंह तड़ियाल ने बताया कि 15 जुलाई को प्रदेशभर में पंचायत उपचुनाव होने तथा पेयजल व्यवस्था में आंशिक सुधार को देखते हुए फिलहाल तहसील मुख्यालय में प्रस्तावित आंदोलन स्थगित किया गया है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासनों के अनुरुप कार्य नहीं किए गए और लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर तहसील मुख्यालय भिकियासैंण में पुनः उग्र आंदोलन शुरु किया जाएगा।

प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने तहसील प्रशासन की सकारात्मक पहल की सराहना करते हुए उपजिलाधिकारी भिकियासैंण का आभार भी व्यक्त किया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *