हरेला पर्व पर अनूठी पहल, सगाई समारोह की याद में लगाए फलदार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के अवसर पर राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय बासोट में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक डी.एस. गिरी, न्याय पंचायत बासोट की सीआरपी रीतू, विद्यालय के समस्त स्टाफ तथा छात्र-छात्राओं ने मिलकर विभिन्न पौधों का रोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

इसके उपरांत पर्यावरण प्रेमी कृपाल सिंह शीला ने अपने आवास के समीप भी वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने हरेला पर्व को एक नई सोच और अनूठी पहल के साथ मनाते हुए अपनी भतीजी की सगाई (रिंग सेरेमनी) के शुभ अवसर को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ा।

उन्होंने बताया कि विवाह जैसे पवित्र बंधन की शुरुआत को यादगार बनाने और पर्यावरण को हरा-भरा रखने के संकल्प के साथ ममता एवं भुवन द्वारा दो फलदार सेब के पौधों का रोपण किया गया। इस पहल के माध्यम से उन्होंने समाज को संदेश दिया कि पारिवारिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई जा सकती है।

इस अवसर पर सभी ने उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के महत्व को रेखांकित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया। साथ ही लोगों से आह्वान किया गया कि वे प्रकृति, पर्यावरण एवं अपनी धरा को हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण करें और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरुप दें।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *