सीओ रानीखेत भावना कैंथोला ने थाना सल्ट का किया औचक निरीक्षण।
पुलिस कर्मियों की समस्याएं जानीं, मानसून के दौरान सतर्कता एवं जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दिए निर्देश।
सल्ट/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पुलिस क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला ने थाना सल्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तत्पश्चात थाना सल्ट में नियुक्त समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने पुलिस कर्मियों की स्वास्थ्य संबंधी स्थिति, पारिवारिक कुशलक्षेम एवं विभागीय समस्याओं की जानकारी ली तथा समस्याओं के त्वरित एवं नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी ने वर्तमान मानसून एवं वर्षा ऋतु को देखते हुए सभी पुलिस कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जाए। साथ ही आमजन की सुरक्षा एवं सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए जनसेवा की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह सहित थाना सल्ट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










