राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांगीधार के प्रकरण पर एसडीएम सल्ट ने लिया संज्ञान।
शिक्षिका एवं छात्र-छात्राओं से जुड़े मामले की जाँच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित, 26 जुलाई तक मांगी अंतरिम रिपोर्ट।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उप जिलाधिकारी सल्ट रिंकू बिष्ट ने बताया कि राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बांगीधार में कक्षा 12 के कुछ छात्र-छात्राओं एवं एक शिक्षिका के मध्य हुए प्रकरण के संबंध में विद्यालय प्रशासन को शिकायत प्राप्त हुई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए प्रधानाचार्य द्वारा विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावक संघ तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर मामले पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जाँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्यालय स्तर पर तीन सदस्यीय जाँच समिति का गठन कर दिया गया है। समिति को प्रकरण से संबंधित सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों की जाँच कर अपनी अंतरिम रिपोर्ट 26 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपजिलाधिकारी ने बताया कि जाँच समिति की रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जाँच सुनिश्चित की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










