पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, केंद्र सरकार का फूंका पुतला।
भिकियासैंण में नारेबाजी के साथ निकाला जुलूस, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। कांग्रेस ब्लॉक इकाई भिकियासैंण के आह्वान पर बडियाली बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक मामले में दिल्ली में हुए लाठीचार्ज के विरोध में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बडियाली तिराहे पर सरकार का पुतला दहन किया।
गुरुवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ पुलिस ने बर्बरता की है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार को छात्र एवं युवा विरोधी करार दिया। इस दौरान केंद्र सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवगिरी गोस्वामी, जिला पंचायत सदस्य एवं महिला कांग्रेस कमेटी ब्लॉक अध्यक्ष नीमा कड़ाकोटी, व्यापार मंडल अध्यक्ष महिपाल बिष्ट, बीडीसी सदस्य दीपक करगेती, पूरन मावड़ी, भगवती रिखाड़ी, गीतांजली, नरेंद्र सिंह, चंद्रशेखर, जगदीश घुघत्याल, कैलाश पंत, कृपाल नेगी, भारत भूषण, प्रह्लाद सिंह, संजय गड़ाकोटी, पृथ्वीपाल रावत, राजेंद्र रावत, प्रकाश चंद्र, सोनिया, आनंद रावत, महिपाल कड़ाकोटी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










