सल्ट पुलिस व सर्विलांस टीम को मिली बड़ी सफलता, 4 माह से गुमशुदा महिला नई दिल्ली से सकुशल बरामद।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। सल्ट पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने चार माह से गुमशुदा महिला को नई दिल्ली से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस का आभार व्यक्त किया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 13 मार्च 2026 को देवायल, सल्ट निवासी पवन कुमार ने अपनी बहन प्रियंका रावत (30 वर्ष) के बिना बताए घर से कहीं चले जाने की सूचना थाना सल्ट में दी थी। प्राप्त सूचना के आधार पर थाना सल्ट में गुमशुदगी दर्ज कर तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुमशुदा महिला की शीघ्र बरामदगी के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह एवं प्रभारी एसओजी/सर्विलांस सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने लगातार सुरागरसी-पतारसी, तकनीकी विश्लेषण तथा संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
सर्विलांस सेल की सहायता से महिला की लोकेशन ट्रेस करते हुए टीम ने अथक प्रयासों के बाद बी-ब्लॉक गेट, ग्रेटर कैलाश, नई दिल्ली से गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद कर लिया।
आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत महिला को सकुशल उसकी माताजी के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने अल्मोड़ा पुलिस की तत्परता एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
पुलिस टीम में:
● अपर उपनिरीक्षक दीवान सिंह बिष्ट, थाना सल्ट
● अपर उपनिरीक्षक फिरोज खान, सर्विलांस सेल
● कांस्टेबल रविंद्र कंबोज, थाना सल्ट
● महिला कांस्टेबल दीपमाला, थाना सल्ट शामिल रहीं।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










