अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता कार्यशाला आयोजित।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भिकियासैंण में विद्यार्थियों के मानसिक कल्याण के उद्देश्य से “मानसिक स्वास्थ्य जागरुकता” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में संदर्भदाता के रुप में राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण की इतिहास विभाग प्रभारी एवं मेंटल हेल्थ क्लब की संयोजिका डॉ. दीपा लोहनी ने अपना योगदान दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए परीक्षा, पढ़ाई और दैनिक जीवन में होने वाले तनाव से दूर रहने तथा सकारात्मक सोच अपनाने के उपाय बताए।

उन्होंने बताया कि शारीरिक स्वास्थ्य की तरह ही मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना और खुलकर अपनी बात कहना अत्यंत आवश्यक है। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक रुप से स्वस्थ रहने के लिए स्क्रीन टाइम कम करने, नियमित खेलकूद एवं योग अपनाने तथा पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी गई।

कार्यशाला के दौरान छात्र-छात्राओं ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर वक्ता द्वारा विस्तार से दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य बी.आर. भारती ने विशेष सहयोग प्रदान करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *