मोहान रेंज में वन्यजीव का फिर हमला, 21 वर्षीय महिला की मौत से क्षेत्र में दहशत।

वन विभाग अलर्ट, क्यूआरटी टीम तैनात; 10 लाख रुपये अनुग्रह सहायता की प्रक्रिया शुरु।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अल्मोड़ा वन प्रभाग के मोहान रेंज अंतर्गत डभरा सौराल तोक, घोड़ीधार क्षेत्र में वन्यजीव के हमले में 21 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) दीपक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव बरामद कर लिया गया। घटनास्थल एवं आस-पास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। उपलब्ध साक्ष्यों, पदचिह्नों एवं अन्य संकेतों के आधार पर यह स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं कि हमला किस वन्यजीव द्वारा किया गया है।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में सतर्कता एवं निगरानी बढ़ा दी गई है। क्यूआरटी टीम को सक्रिय कर संवेदनशील स्थलों पर गश्त तेज कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों को सुबह एवं शाम के समय अकेले जंगल अथवा झाड़ीदार क्षेत्रों में न जाने, बच्चों एवं महिलाओं को समूह में आवागमन करने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने के संबंध में जागरुक किया जा रहा है। रात्रिकालीन निगरानी बढ़ाने के साथ ही वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं।

डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में वन विभाग द्वारा 09 किलोमीटर सोलर फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा पीएमजीएसवाई के माध्यम से समीपवर्ती संवेदनशील क्षेत्रों में भी फेंसिंग कार्य प्रारंभ किया गया है। प्रभावित गाँवों में व्यापक जनजागरुकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा नियमित निगरानी एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए पूर्व से गठित व्हाट्सएप समूह सक्रिय रुप से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कॉर्बेट तथा पश्चिमी वृत्त से दो पशु चिकित्सकों को मौके पर तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्यूआरटी टीम एवं अन्य अधिकारी क्षेत्र में लगातार मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा ग्रामीणों से वन्यजीव की गतिविधियों के संबंध में नियमित फीडबैक लिया जा रहा है।

डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों को देय ₹10 लाख की अनुग्रह सहायता की धनराशि के भुगतान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मानव-वन्यजीव संघर्ष की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती एवं अनुवर्ती कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर लगातार की जा रही है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *