चप्पे-चप्पे पर नैनीताल पुलिस की नज़र, क्विक रिस्पांस से तीन संगीन मामलों का त्वरित खुलासा।
48 घंटे में झपटमारी का खुलासा, फायरिंग आरोपी कुछ घंटों में गिरफ्तार, जानलेवा हमले के तीनों आरोपी 24 घंटे में सलाखों के पीछे।
नैनीताल। अपराध हुआ… पुलिस तुरंत सक्रिय हुई… और अपराधी जल्द ही सलाखों के पीछे पहुँचे।
नैनीताल पुलिस ने लगातार तीन संगीन मामलों में अपनी त्वरित प्रतिक्रिया (Quick Response), सटीक रणनीति और प्रभावी पुलिसिंग का परिचय देते हुए अपराधियों को बेहद कम समय में गिरफ्तार कर लिया। सीसीटीवी विश्लेषण, मैन्युअल एवं टेक्निकल सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के दम पर पुलिस ने तीनों मामलों का शीघ्र खुलासा कर यह साबित किया कि जनपद में अपराध करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं है।
1- बुजुर्ग महिला से झपटमारी का खुलासा महज 48 घंटे में:
30 जुलाई 2026 को मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने का कुंडल झपटने की घटना सामने आते ही एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में मुखानी पुलिस एवं एसओजी टीम तत्काल एक्शन मोड में आ गई। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, मैन्युअल एवं टेक्निकल सर्विलांस सक्रिय किया गया और लगातार तलाश अभियान चलाया गया। महज 48 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया सोने का कुंडल भी बरामद कर लिया गया।
2- फायरिंग की सूचना पर तत्काल एक्शन, आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार:
हरिपुर जमन सिंह में प्रॉपर्टी विवाद के दौरान अवैध तमंचा लहराकर फायरिंग की सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने बिना समय गंवाए क्षेत्र में घेराबंदी, चेकिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को बेलबाबा क्षेत्र से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध .32 बोर तमंचा एवं जिंदा कारतूस बरामद कर लिया गया।
3- जानलेवा हमले के तीनों आरोपी 24 घंटे के भीतर सलाखों के पीछे:
तीनपानी क्षेत्र में चापड़ और छुरे से जानलेवा हमला होने की सूचना मिलते ही हल्द्वानी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र, पतारसी-सुरागरसी और लगातार दबिश के माध्यम से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का सफल अनावरण कर दिया।
त्वरित पुलिसिंग का स्पष्ट संदेश:
इन तीनों घटनाओं में नैनीताल पुलिस की फास्ट रिस्पांस, प्रोफेशनल इन्वेस्टिगेशन और सटीक ऑपरेशनल रणनीति साफ़ तौर पर देखने को मिली। सूचना मिलते ही तत्काल एक्शन, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग और लगातार फील्ड ऑपरेशन के चलते अपराधियों को बेहद कम समय में गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लाया गया।
नैनीताल पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अपराध चाहे जैसा भी हो, त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अपराधियों को जल्द से जल्द कानून के शिकंजे में लाकर न्याय के कटघरे तक पहुँचाया जाएगा।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










