राज्यसभा सांसद व प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस पर सल्ट में दर्जनों लोगों ने थामा भाजपा का दामन।

विधायक महेश जीना के विकास कार्यों और भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर ग्रामीणों ने ग्रहण की सदस्यता।

स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विधायक कार्यालय सल्ट में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का जन्मदिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। आयोजित जन्मदिवस कार्यक्रम में दर्जनों लोगों ने विधायक सल्ट महेश जीना के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में विधायक महेश जीना सहित उत्तराखंड श्रम बोर्ड के सदस्य सुरेश कड़ाकोटी एवं अन्य पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का फूल-मालाएं एवं भाजपा का पटका पहनाकर जोरदार स्वागत किया।

इस दौरान सल्ट विधानसभा के विभिन्न क्षेत्रों डांग कड़ाकोटी, घट्टी, बनकोटा, मछोड़ सहित अन्य गाँवों से पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों एवं परिवारजनों ने भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति और क्षेत्र में हो रहे ऐतिहासिक विकास कार्यों पर विश्वास जताते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

क्षेत्रीय विधायक महेश जीना के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी नए सदस्यों ने “जीना तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं” के नारे लगाए तथा भाजपा के सशक्त संगठन एवं विधायक महेश जीना द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर अपना विश्वास व्यक्त किया।

सदस्यता ग्रहण करने वाले ग्रामीणों ने कहा कि सल्ट विधानसभा क्षेत्र में विधायक महेश जीना के मार्गदर्शन में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास हो रहा है। संगठन की पारदर्शी नीतियों और जनसेवा के प्रति समर्पण से प्रभावित होकर ही उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है।

इस दौरान विधायक महेश जीना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र पर कार्य करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर इतने बड़े परिवार का भाजपा से जुड़ना इस बात का प्रमाण है कि जनता का सरकार और विकास योजनाओं पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि सल्ट के प्रत्येक गाँव और प्रत्येक नागरिक का सर्वांगीण विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इस अवसर पर उत्तराखंड श्रम बोर्ड के सदस्य सुरेश कड़ाकोटी ने सभी नए सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *