मानिला देवी-कमराड़ सिद्धपीठ में भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण अंतर्गत सिद्धपीठ माँ मानिला देवी-कमराड़ विनायक में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। कथा प्रारंभ होने से पूर्व लगभग दो किलोमीटर लंबी भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल सहित क्षेत्र के लोगों ने भारी संख्या में सहभागिता की।
कलश यात्रा में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा धारण कर माँ मानिला देवी के जयकारों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से सजी इस यात्रा ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कथा स्थल पर विधि-विधान के साथ कलश स्थापना के उपरांत कथा व्यास आचार्य राजेंद्र नैलवाल ने श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं को भागवत महिमा का श्रवण कराया।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का समापन 10 अगस्त 2026 को विशाल भंडारे के साथ होगा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, मंदिर समिति अध्यक्ष तुला सिंह तड़ियाल, बहादुर सिंह रावत, राजेंद्र रावत, ललित मठपाल, प्रेम रावत, कविता मनराल, पूरन सिंह, उमेश रावत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










