अग्नि सुरक्षा को लेकर अल्मोड़ा पुलिस का व्यापक जागरुकता अभियान जारी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। अग्नि सुरक्षा को लेकर राजकीय इंटर कॉलेज मासी में छात्र-छात्राओं को आग से बचाव एवं फायर एक्सटिंग्विशर के प्रयोग के गुण सिखाए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में जनपद में अग्नि सुरक्षा को लेकर व्यापक अभियान निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा एवं जनपद के समस्त फायर स्टेशनों द्वारा होटल, रेस्टोरेंट एवं विभिन्न संस्थानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की जाँच की जा रही है। साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुक किया जा रहा है।

इसी क्रम में मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा नरेन्द्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत नरेश जोशी द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज मासी में अग्नि सुरक्षा जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन कर्मियों द्वारा फायर एक्सटिंग्विशर के संचालन एवं उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण देते हुए विद्यार्थियों से आग पर काबू पाने का अभ्यास भी कराया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को वनाग्नि की घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में अपनाए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा उपायों तथा आगजनी की घटना होने पर तत्काल संबंधित फायर स्टेशन को सूचना देने के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *