कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यशाला का किया शुभारंभ।

अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक द्वारा विकास भवन सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में जनपद स्तर पर आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जनपद में आपदा से संबंधित तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों एवं समन्वयात्मक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए विभागों को सतत रुप से तैयार रखा जा रहा है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य आपदा के दृष्टिगत तैयार है, किंतु हमें निरंतर जागरुक और सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, चाहे वह अधिकारी हों, जनप्रतिनिधि हों या आम नागरिक।

उन्होंने बताया कि आपदा के दृष्टिगत नियमित रुप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का आकलन किया जा रहा है। सरकार द्वारा आपदाओं के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, अपर सचिव आपदा प्रबंधन प्रकाश चंद्र, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *