राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ, रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना का संचार करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं जागरुकता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मी मनराल द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत रुपरेखा प्रस्तुत की गई। उन्होंने 10 अगस्त 2026 से 15 अगस्त 2026 तक महाविद्यालय में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों जैसे रंगोली प्रतियोगिता, भाषण, निबंध लेखन, सांस्कृतिक गतिविधियाँ एवं तिरंगा जागरुकता अभियान की जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को बढ़-चढ़कर सहभागिता करने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी और सम्मान को प्रदर्शित करने का माध्यम है।
तिरंगा देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता का प्रतीक:
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की राष्ट्रीय महत्वता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तिरंगा हमारे देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को तिरंगे के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा उसके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. दीपिका आर्य एवं डॉ. छात्र सिंह कठायत ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए तिरंगे के तीनों रंगों केसरिया, श्वेत एवं हरा के प्रतीकात्मक महत्व तथा अशोक चक्र के संदेश को विस्तार से समझाया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
तिरंगे की थीम पर आयोजित हुई रंगोली प्रतियोगिता:
कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने तिरंगे की थीम पर आकर्षक एवं सृजनात्मक रंगोलियाँ प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल डॉ. दीपिका आर्य एवं डॉ. छात्र सिंह कठायत द्वारा सभी प्रतिभागियों के कार्य का सूक्ष्म मूल्यांकन किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा विद्यार्थियों को निरंतर ऐसे राष्ट्रहितकारी कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया तथा रंगोली प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। प्रतियोगिता में सुहानी आर्या ने प्रथम स्थान, रश्मि ने द्वितीय स्थान तथा प्रियांशी तिवारी व खुशबू तिवारी ने संयुक्त रुप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समापन देशभक्ति के उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारीगण भूपेंद्र सिंह नेगी, अनुज, कमल, विनोद, हेमंत मनराल तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










