भीमताल में पहली बार भाजयुमो की भव्य बोट रैली, झील की लहरों पर गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश।
तिरंगे के सम्मान में निकली ऐतिहासिक बोट रैली में युवा शक्ति के साथ मातृशक्ति, वरिष्ठजन, बच्चे और नगरवासी हुए शामिल।
भीमताल (नैनीताल)। भारतीय जनता युवा मोर्चा, भीमताल मंडल द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भीमताल झील में पहली बार भव्य एवं ऐतिहासिक बोट रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस अनूठी रैली में युवा शक्ति के साथ मातृशक्ति, वरिष्ठजन, बच्चे, नगरवासी एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाजयुमो भीमताल मंडल अध्यक्ष पारस चन्द्र ने किया। झील की लहरों के बीच हाथों में तिरंगा लेकर निकली बोट रैली ने भीमताल की प्राकृतिक सुंदरता में देशभक्ति के रंग भर दिए। रैली को देखने के लिए स्थानीय लोगों के साथ बड़ी संख्या में पर्यटक भी उत्साहित नजर आए। आयोजन ने भीमताल में राष्ट्रप्रेम के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय पहचान को भी एक नया संदेश दिया।
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आयोजन को बताया अभिनव प्रयास:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल में पहली बार भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित यह ऐतिहासिक बोट रैली राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को प्रदर्शित करने का अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष सड़क मार्ग पर तिरंगा यात्राओं के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया जाता रहा है, लेकिन भीमताल जैसी सरोवर नगरी में झील के माध्यम से बोट रैली आयोजित कर तिरंगे के सम्मान को एक नए और आकर्षक स्वरुप में जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने भाजयुमो के इस अभिनव आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रसेवा और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हर वर्ग को जोड़ने के उद्देश्य से किया गया बोट रैली का आयोजन:
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष पारस चन्द्र ने कहा कि संगठन द्वारा पूर्व में बाइक रैली जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं, लेकिन बाइक रैली में मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिकों, छोटे बच्चों एवं परिवार के अन्य सदस्यों को आवागमन और सहभागिता में कुछ असुविधा रहती थी। इसी विचार के साथ इस बार बोट रैली का आयोजन किया गया, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को सहजता और सुरक्षित तरीके से कार्यक्रम से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल एक रैली निकालना नहीं, बल्कि हर वर्ग को संगठन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता की भावना से जोड़ना है।
पारस चन्द्र ने कहा कि बोट रैली में युवाओं से लेकर मातृशक्ति, बच्चों, वरिष्ठजनों और नगर एवं क्षेत्र के नागरिकों ने जिस उत्साह के साथ सहभागिता की, वह संगठन की एकजुटता और जनता के विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा आने वाले समय में भी ऐसे रचनात्मक एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीमताल की जनता ने जिस प्रेम, सहयोग और सहभागिता का परिचय दिया, वह अत्यंत उत्साहवर्धक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आगामी कार्यक्रमों में भी सभी इसी प्रकार एकजुट होकर सहभागिता करेंगे और एकता, राष्ट्रप्रेम तथा सामाजिक समरसता की माला में सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे।
संगठन और समाज के बीच संवाद मजबूत करने पर जोर:
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति केवल कार्यकर्ताओं तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने में होती है। ऐसे आयोजन कार्यकर्ताओं और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने तथा राष्ट्रहित के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी ने युवाओं की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे रचनात्मक आयोजन युवा मोर्चा की सक्रियता और संगठनात्मक मजबूती का परिचायक हैं। जिला महामंत्री खनिष्ठ ढिंगरा ने कहा कि भीमताल में आयोजित यह अनूठी रैली राष्ट्रप्रेम के साथ संगठन की सक्रियता का भी संदेश देती है। जिला उपाध्यक्ष गौतम मट्याली ने कार्यक्रम की सफलता के लिए आयोजकों एवं सहभागियों को बधाई दी।
भाजपा मंडल अध्यक्ष कमल जोशी ने कहा कि युवा मोर्चा द्वारा किया गया यह आयोजन संगठन की सक्रियता और युवाओं की रचनात्मक सोच को प्रदर्शित करता है। व्यापार मंडल अध्यक्ष पंकज जोशी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से नगर में सकारात्मक वातावरण बनता है और स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी भीमताल की एक अलग पहचान देखने को मिलती है। भाजपा जिला मंत्री मनोज भट्ट ने आयोजन को राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक सहभागिता का सुंदर उदाहरण बताया।
पूर्व जिला मंत्री दिनेश सांगुड़ी ने युवाओं के उत्साह की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई। महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी भगत जोशी ने कहा कि कार्यक्रम में मातृशक्ति की सहभागिता यह दर्शाती है कि संगठन के प्रत्येक रचनात्मक अभियान में महिलाएं भी पूरी सक्रियता के साथ सहभागी हैं। मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा चन्द्रशेखर गिरी ने सामाजिक समरसता एवं सभी वर्गों की सहभागिता को कार्यक्रम की बड़ी सफलता बताया। महिला मोर्चा महामंत्री नीमा नेगी ने कहा कि राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के सम्मान से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाते हैं।
सभी के सहयोग से सफल हुआ ऐतिहासिक आयोजन:
कार्यक्रम के समापन पर भाजयुमो मंडल अध्यक्ष पारस चन्द्र ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया और कहा कि सभी के सहयोग एवं सहभागिता से ही यह ऐतिहासिक आयोजन सफल हो पाया है। उन्होंने आगामी आयोजनों में भी इसी प्रकार मिल-जुलकर सहभागिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ कार्यकर्ता पुष्कर मैरा ने युवाओं के प्रयास की सराहना की। साथ ही योगेश तिवारी, गोपाल कृष्ण भट्ट, रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, भाजयुमो कार्यकर्ता, युवा शक्ति, मातृशक्ति, वरिष्ठजन, बच्चे, नगरवासी, क्षेत्रवासी एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










