‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में निबंध एवं कविता प्रतियोगिता आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के अंतर्गत ‘स्वतंत्रता दिवस’ एवं ‘तिरंगे की प्रासंगिकता’ विषय पर निबंध एवं कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता तथा भारतीय राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करना था।
तिरंगे और स्वतंत्रता दिवस के महत्व से कराया अवगत:
कार्यक्रम के प्रारंभ में ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ की नोडल अधिकारी डॉ. लक्ष्मी मनराल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस एवं तिरंगे के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं का आयोजन करना नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों, त्याग, समर्पण और निस्वार्थ सेवा की भावना को जीवित रखना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने तथा राष्ट्रीय मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा:
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए स्वतंत्रता, राष्ट्रभक्ति तथा तिरंगे के महत्व से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्रीय चेतना एवं देश के प्रति अपने दायित्वों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त किया।
निबंध प्रतियोगिता के परिणाम:
निबंध प्रतियोगिता में तृतीय सेमेस्टर की प्रियांशी तिवारी ने प्रथम स्थान, प्रथम सेमेस्टर की हिमानी कार्की ने द्वितीय स्थान तथा पंचम सेमेस्टर की चांदनी आर्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कविता प्रतियोगिता के परिणाम:
इसी प्रकार कविता प्रतियोगिता में तृतीय सेमेस्टर की बबीता जोशी ने प्रथम स्थान, पंचम सेमेस्टर की चांदनी आर्या ने द्वितीय स्थान तथा प्रथम सेमेस्टर की हेमा मेहरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्राचार्य ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित:
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ललन प्रसाद वर्मा ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि तिरंगा केवल एक राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय मूल्यों को अपनाने तथा राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल












