विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में कविता एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता आयोजित।
शीतलाखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय महाविद्यालय शीतलाखेत में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस एवं अखिल भारतीय शिक्षा समागम-2026 के अंतर्गत कविता एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ भाषा, साहित्य, इतिहास तथा मानवीय मूल्यों के प्रति जागरुकता उत्पन्न करना था।
विभाजन की त्रासदी के पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि:
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाते हुए वर्ष 1947 के भारत विभाजन के दौरान हुई हिंसा के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया। डॉ. छत्र सिंह कठायत ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इतिहास की ऐसी घटनाएँ हमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देती हैं।
कविता एवं कहानी लेखन के लिए किया प्रेरित:
कविता एवं कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन डॉ. दीपिका आर्या के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को भाषा और साहित्य की महत्ता के विषय में विस्तार से जानकारी दी तथा अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को रचनात्मक लेखन के लिए प्रेरित किया।
कविता लेखन प्रतियोगिता के परिणाम:
आयोजित कविता लेखन प्रतियोगिता में बी.ए. पंचम सेमेस्टर की चांदनी आर्या ने प्रथम स्थान, बी.ए. तृतीय सेमेस्टर की प्रियांशी तिवारी ने द्वितीय स्थान तथा बी.ए. पंचम सेमेस्टर की दिव्यांशी तिवारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कहानी लेखन प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा:
इसी प्रकार कहानी लेखन प्रतियोगिता में चांदनी आर्या ने प्रथम स्थान, प्रियांशी तिवारी ने द्वितीय स्थान तथा बबीता जोशी एवं दिव्यांशी तिवारी ने संयुक्त रुप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
साहित्य और इतिहास दिखाते हैं बेहतर भविष्य की राह:
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ललन प्रसाद वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साहित्य और इतिहास समाज के दर्पण हैं तथा इनके माध्यम से हम अपने अतीत से सीख लेकर बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रकाश चंद्र जांगी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल












