विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक।

अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से पुनरीक्षण कार्य के संबंध में सुझाव लिए तथा प्रक्रिया के दौरान सामने आ रही कठिनाइयों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।

98,529 नोटिस जारी, 78,867 पर सुनवाई पूरी:
बैठक में बताया गया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत जनपद में कुल 98,529 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से अब तक 78,867 नोटिसों पर सुनवाई पूरी की जा चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।

पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने पर दिया जोर:
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धीकरण के कार्य में सभी का सहयोग आवश्यक है। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ कार्य किया जाना आवश्यक है।

बीएलओ एवं बीएलए के बीच समन्वय के दिए निर्देश:
जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए से आपसी समन्वय के साथ गंभीरतापूर्वक कार्य करने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने स्तर से पुनरीक्षण से संबंधित कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित दावों, आपत्तियों एवं नोटिसों की सुनवाई तथा निस्तारण को गंभीरतापूर्वक पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि कैलाश गुरुरानी, पूरन रौतेला एवं अन्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *