सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का प्राथमिकता से करें निस्तारण, लापरवाही पर तय होगी जिम्मेदारी।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा ने विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश।
अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट में आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्रता एवं गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त कोई भी शिकायत अनावश्यक रुप से लंबित नहीं रहनी चाहिए।
लंबित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं:
अपर जिलाधिकारी ने अधिक संख्या में लंबित शिकायतों वाले विभागों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी लंबित प्रकरणों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर उनका निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। विभागों द्वारा शिकायतों के समाधान में लापरवाही बरते जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की शिकायतों की विशेष समीक्षा:
उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की लंबित शिकायतों की विशेष रुप से समीक्षा की तथा विभागीय अधिकारियों को लंबित प्रकरणों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए उनका प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की अनुपस्थिति पर जताई नाराजगी:
समीक्षा के दौरान पीएमजीएसवाई एवं पेयजल निगम के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर अपर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से जुड़े कार्यों को गंभीरता से लेने तथा शिकायतों के निस्तारण की प्रगति पर नियमित रुप से ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के.एन. तिवारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














