भतरौंजखान बाजार में पुलिस का जन-जागरुकता अभियान, साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोड़के के निर्देश पर जनपद भर में चलाए जा रहे जन-जागरुकता अभियान के तहत थाना भतरौंजखान पुलिस ने बाजार क्षेत्र में स्थानीय लोगों, व्यापारियों एवं टैक्सी चालकों को कानून एवं व्यवस्था, यातायात नियमों तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरुक किया।
अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैथोला के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अभियान चलाया।
इस दौरान लोगों को कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को डायल-112 के माध्यम से देने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस टीम ने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरों और सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
अभियान के दौरान लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो बिना विलंब साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर ठगी गई धनराशि को सुरक्षित कराने का प्रयास किया जा सके।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














