दूषित पेयजल की शिकायत पर दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने किया ज्योलीकोट क्षेत्र का भ्रमण।

ज्योलीकोट (नैनीताल)। दूषित पेयजल की शिकायतों को लेकर पेयजल अनुश्रवण दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने ज्योलीकोट क्षेत्र का भ्रमण कर निरीक्षण किया।

क्षेत्र के ज्योलीकोट, छिड़ा, वीरभट्टी, गाजा एवं सड़ियाताल क्षेत्र में विगत कुछ दिनों से दूषित पेयजल के कारण पीलिया एवं दस्त जैसी स्वास्थ्य संबंधी शिकायतें सामने आ रही थी। इसको लेकर दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने ज्योलीकोट क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

दिनेश आर्य ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ज्योलीकोट में आयोजित चिकित्सा शिविर में पहुंचकर चिकित्सकों एवं स्थानीय लोगों से संवाद किया और प्रभावित लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पश्चात ज्योलीकोट चिकित्सा केंद्र पहुंचकर चिकित्सकों से क्षेत्र में सामने आ रही स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों एवं उपचार व्यवस्था को लेकर जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने दूरभाष के माध्यम से पेयजल विभाग के अधिशासी अभियंता से वार्ता कर क्षेत्र की पेयजल व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त करने तथा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा विषय अत्यंत गंभीर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार जनस्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समस्या के त्वरित समाधान के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल एवं बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर बूथ अध्यक्ष एवं उपप्रधान मनीष कुमार आर्य, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष भवाली रजनी रावत, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हेमंत मर्तोलिया, डॉ. संतोष सिंह राठौड़ सहित अन्य चिकित्सक एवं संबंधित लोग उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *