केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा सहित सैकड़ों लोगों ने खुमाड़ के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील सल्ट के अंतर्गत खुमाड़ में शहीद दिवस के मौके पर देश की आजादी की लड़ाई में शहीद हुए अमर शहीदों को विभिन्न सियासी दलों, सामाजिक संगठनों, पंचायत प्रतिनिधियों सहित क्षेत्रीय जनता ने झमाझम बारिश की परवाह न करते हुए खुमाड़ शहीद स्मारक पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा उनका भावपूर्ण स्मरण किया।

केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने अमर शहीदों को किया नमन:
इस मौके पर शहीद स्मारक पहुंचकर अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ संसदीय सीट से सांसद तथा केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सल्ट की यह वीरभूमि हमारे स्वतंत्रता संग्राम के अदम्य साहस और जनशक्ति की गाथा अपने भीतर समेटे हुए है।

उन्होंने कहा कि 5 सितंबर 1942 का खुमाड़ बलिदान हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता केवल संघर्ष से नहीं, बल्कि असंख्य देशभक्तों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि इन अमर बलिदानियों की शौर्यगाथा आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी।

भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अर्पित किए श्रद्धा सुमन:
केंद्रीय राज्य मंत्री के साथ सल्ट विधायक महेश जीना, रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल, उत्तराखंड चाय बोर्ड उपाध्यक्ष महेश्वर मेहरा, दायित्वधारी राज्य मंत्री पूरनचंद्र नैनवाल, बीजेपी जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, राज्य कार्यकारणी सदस्य अनिल शाही, ब्लॉक प्रमुख स्याल्दे मथुरा दत्त, सुजीत चौधरी, गुड्डी देवी, भगवती तिवारी, देवीदत्त शर्मा, नरेंद्र भण्डारी सहित अनेकों भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कांग्रेस नेताओं ने भी शहीदों को किया नमन:
वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष दीपक किरौला, जिपंस पूजा रावत व शंभू सिंह, गंगा पंचौली, अर्जुन सिंह, विशनदत्त शर्मा, शोबन सिंह, नारायण सिंह रावत, अमित रावत, नंदन सिंह रावत सहित अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

अन्य संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी दी श्रद्धांजलि:
जबकि ब्लॉक प्रमुख सल्ट कंचन रावत, उत्तराखंड जन कल्याण समिति अध्यक्ष सुनील टम्टा, राज्य आन्दोलनकारी राजेन्द्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य हंसा नेगी ने भी शहीदों को नमन किया। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता बीरेंद्र सिंह बंगारी सहित अनेकों यूकेडी कार्यकर्ताओं ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

भाजपा और कांग्रेस ने अलग-अलग मंच लगाकर की सभाएं:
सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने जीआईसी खुमाड़ मैदान तथा मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने पोखरी जेठुना में अलग-अलग मंच लगाकर सभाएं कीं। साथ ही दोनों मंचों में लोक गायकों व कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही।

भाजपा मंच से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का किया जिक्र:
भाजपा मंच से मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा व विशिष्ट अतिथि विधायक महेश जीना ने डबल इंजन सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार जिन योजनाओं की घोषणा करती है, उन्हें मूर्त रुप देने का काम भी करती है।

उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल सरकार की लोकप्रियता और विकास कार्यों से घबराकर अपनी जमीन तलाश रहे हैं तथा इनके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन जनता इनके छलावे में आने वाली नहीं है।

कांग्रेस मंच से भाजपा सरकार पर साधा निशाना:
जबकि कांग्रेस के मंच से मुख्य वक्ता पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और अपराध चरम पर है। कानून व्यवस्था चरमरा गई है। लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए मोहताज हैं। सल्ट की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं, लेकिन भाजपा सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई है।

उन्होंने कहा कि इसका विधानसभा चुनाव में जनता माकूल जवाब देगी।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर दोनों दलों में आरोप-प्रत्यारोप:
दोनों की सभाओं में आगामी विधानसभा 2027 के चुनाव को लेकर एक-दूसरे पर शब्द-बाणों के माध्यम से खूब निशाना साधा गया।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *