अंकुरित सामाजिक एवं शिक्षा फाउंडेशन ने हर्षोल्लास से मनाया शिक्षक दिवस।

धारचूला (पिथौरागढ़)। अंकुरित सामाजिक एवं शिक्षा फाउंडेशन की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर धारचूला क्षेत्र की ग्वालगांव और गायत्री शाखा में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्था से जुड़े बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम में अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान कई बच्चे पारंपरिक परिधानों में भी नजर आए।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में शिक्षकों के योगदान और शिक्षा के महत्व के प्रति जागरुकता बढ़ाने के साथ ही विद्यार्थियों में शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के दौरान बच्चों और संस्था के सदस्यों ने मिलकर शिक्षक दिवस की खुशियां साझा कीं।

इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों एवं संस्था से जुड़े पदाधिकारियों ने शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और बेहतर भविष्य की नींव रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और सकारात्मक सोच के लिए प्रेरित किया गया।

ग्वालगांव शाखा में शाखा प्रमुख अंजू थापा तथा गायत्री शाखा में शाखा प्रमुख ज्योति बिष्ट के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित हुआ। दोनों शाखाओं में संस्था से जुड़े बच्चों, पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संस्था के अध्यक्ष राकेश बिष्ट ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और शिक्षकों का योगदान सदैव सम्मान के योग्य है। उन्होंने कहा कि संस्था बच्चों को शिक्षा से जोड़ने और उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने संस्था द्वारा शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही।

कार्यक्रम में बच्चों की उत्साहपूर्ण मौजूदगी ने आयोजन को और भी खास बना दिया।

कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष ललित सिंह, प्रबंधक सुनील कुमार, उपाध्यक्ष नरशा देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *