ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026 में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़, मुख्य सरगना समेत 6 अभियुक्त गिरफ्तार।
म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए 4 महीने में 5 करोड़ से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा, 2 विधि-विवादित किशोर भी संरक्षण में।
नैनीताल। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की सटीक रणनीति के तहत चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ में नैनीताल पुलिस की एसओजी एवं साइबर सेल को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली मुखानी पुलिस, एसओजी नैनीताल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने म्यूल बैंक खातों एवं अनधिकृत ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध ट्रांजेक्शन करने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, लैपटॉप, आईपैड, 2 दर्जन एटीएम कार्ड, 12 सिम कार्ड, चेकबुक, पासबुक एवं ₹1,18,800/- की नकदी बरामद की है। प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि गिरोह द्वारा महज 4 महीने में 5 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी की गई है।
ऐसे हुआ अंतरराष्ट्रीय साइबर रैकेट का खुलासा:
पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड द्वारा साइबर अपराधियों, म्यूल बैंक खातों, संदिग्ध मोबाइल नंबरों एवं अवैध नकदी निकासी के विरुद्ध चलाए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट-2026’ के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशानुसार जनपद में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 05/06 सितम्बर 2026 की रात्रि को एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी सिटी मनोज कत्याल तथा एसएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में कोतवाली मुखानी पुलिस, एसओजी एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर लक्ष्मण विहार कॉलोनी, थाना मुखानी क्षेत्र स्थित एक मकान पर त्वरित छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। मौके से अवैध साइबर वित्तीय नेटवर्क का संचालन कर रहे मुख्य सरगना राहुल यादव निवासी इंदौर, मध्य प्रदेश समेत कुल 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया तथा 2 विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया।
मामले में कोतवाली मुखानी में मु.अ.सं. 141/2026, धारा 66(C), 66(D) सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम एवं 3(5), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।
अपराध का तरीका —
1- क्रिप्टोकरेंसी (USDT) की खरीद-फरोख्त:
मुख्य अभियुक्त राहुल यादव बाइनेंस (Binance) ऐप के जरिए नगद पैसे जुटाकर USDT खरीदता था।
2- अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप का प्रयोग:
बिना किसी वैध दस्तावेज, KYC अथवा स्रोत सत्यापन के टेलीग्राम के जरिए प्राप्त अनधिकृत ‘UMASTER’ ऐप पर प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये मूल्य की USDT को 3 प्रतिशत अतिरिक्त मुनाफे एवं बोनस के लालच में बेचा जाता था।
3- म्यूल खातों की व्यवस्था और स्थानीय युवाओं को जोड़ना:
अवैध रुप से प्राप्त धनराशि को निकालने के लिए लेयरिंग करने हेतु गिरोह द्वारा स्थानीय युवकों को 3 प्रतिशत कमीशन का लालच दिया जाता था। इसके जरिए भोले-भाले लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड, चेकबुक और पासबुक हासिल किए जाते थे।
4- नकदी निकासी और CDM के जरिए ट्रांजेक्शन:
गिरोह के सदस्य इन म्यूल खातों से एटीएम के माध्यम से नकदी निकालते थे तथा अधिक नकदी होने पर कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) के माध्यम से अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर देते थे। खाताधारकों के सिम कार्ड भी गिरोह अपने पास रखता था, ताकि खाताधारक कोई धोखाधड़ी न कर सके।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1- राहुल यादव पुत्र अजय यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी पंचवटी नगर, इंदौर, मध्य प्रदेश
भूमिका: गैंग लीडर/मुख्य संचालक, पूर्व में थाना इंदौर ग्रामीण में धारा 420/409 भा.द.वि. में जेल जा चुका है।
2- हर्षित कुमार पुत्र भरतवीर, उम्र 26 वर्ष, निवासी गैस गोदाम रोड, शिव विहार, मुखानी, नैनीताल
भूमिका: एटीएम विड्रॉल व CDM डिपॉजिट कार्य।
3- कमल गोस्वामी पुत्र नवीन गोस्वामी, उम्र 21 वर्ष, निवासी तल्ली दीनी, मुक्तेश्वर, नैनीताल
भूमिका: कमीशन पर म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला।
4- साहिल कुमार पुत्र स्व. जीवन राम, उम्र 21 वर्ष, निवासी काण्डा, बागेश्वर; हाल निवासी दमुवाढुंगा, नैनीताल
भूमिका: म्यूल खाते उपलब्ध कराने वाला।
5- मौ. अयान पुत्र मौ. यामीन, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम कोरबकू, भोजपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)
भूमिका: इन्वेस्टर।
6- मौ. शुभान पुत्र वाजिद हुसैन, उम्र 24 वर्ष, निवासी ग्राम सलारपुरकला, सम्भल (उत्तर प्रदेश)
भूमिका: इन्वेस्टर।
इसके अतिरिक्त 02 वांछितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
02 विधि-विवादित किशोर संरक्षण में लिए गए। दोनों किशोरों को बाल कल्याण पुलिस अधिकारी के संरक्षण में अग्रिम विधिक कार्यवाही हेतु प्रस्तुत किया गया है।
बरामदगी का विवरण —
■ नकदी:
कुल ₹1,18,800/- नकद
■ इलेक्ट्रॉनिक उपकरण:
01 डेल (Dell) लैपटॉप मय चार्जर, 01 एप्पल आईपैड, 11 आधुनिक स्मार्ट मोबाइल फोन — iPhone 17 Pro, iPhone 14 Pro, Samsung Galaxy S24, S22 Ultra आदि
■ बैंकिंग दस्तावेज एवं सामग्री:
24 विभिन्न बैंकों के सक्रिय एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 एक्टिव सिम कार्ड (विभिन्न कंपनियों के), 06 चेकबुक, 04 पासबुक एवं 16 बैंक जमा/CDM पर्चियां
एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम के उत्साहवर्धन हेतु ₹2,500/- रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस टीम में —
■ कोतवाली मुखानी पुलिस:
उ.नि. विरेन्द्र चन्द, का. सुनील आगरी, का. दिगम्बर ज्याला शामिल रहे।
■ एसओजी नैनीताल:
उ.नि. मोहन सौन (प्रभारी एसओजी), हे.का. त्रिलोक रौतेला, हे.का. कुन्दन कठायत, का. भूपेन्द्र ज्येष्ठा, का. भानू प्रताप ओली, का. अशोक रावत, का. अरविन्द सिंह शामिल रहे।
■ साइबर सेल नैनीताल:
उ.नि. मीनू गौतम (प्रभारी साइबर सेल), एएसआई बिहारीलाल कुशवाहा, हे.का. शिवेन्द्र बोरा, हे.का. परमदीप सिंह, का. नरेन्द्र धामी शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस की अपील:
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को कमीशन या पैसों के लालच में आकर अपना बैंक खाता, पासबुक, चेकबुक अथवा एटीएम कार्ड प्रयोग के लिए न दें। साइबर ठगी में प्रयुक्त पाए जाने पर खाताधारक के विरुद्ध भी कठोर विधिक कार्यवाही अमल में लाई जाती है।
किसी भी संदिग्ध वित्तीय गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














