भारी बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत नैनीताल में 7 सितंबर को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय रहेंगे बंद; डीएम ने जारी किए आदेश।
नैनीताल। मौसम विभाग की ओर से भारी से बहुत भारी वर्षा की चेतावनी को देखते हुए जनपद नैनीताल में 07 सितंबर 2026 (सोमवार) को एक दिवसीय अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के दृष्टिगत यह आदेश जारी किया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 06 सितंबर 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान में 07 सितंबर 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
वर्तमान में जनपद के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा हो रही है। ऐसे में नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह के साथ संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है।
जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 07 सितंबर 2026 को जनपद नैनीताल के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 01 से 12 तक संचालित शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश रहेगा। इसके साथ ही समस्त आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी इस दिन अवकाश अनुमन्य रहेगा।
यह आदेश नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्र-छात्राओं के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी, नैनीताल एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, नैनीताल को आदेश का सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल














