सामाजिक सरोकारों से लेकर राजनीतिक क्षेत्र तक सक्रिय रहे नेता चन्द्रशेखर भट्ट को भाजपा प्रदेश कार्यसमिति में मिला स्थान।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। लंबे समय से सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे चन्द्रशेखर भट्ट को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति में स्थान मिला है। उन्होंने अपने सामाजिक एवं राजनीतिक जीवन से जुड़े विभिन्न अनुभवों और कार्यों को साझा करते हुए बताया कि उनका जीवन सदैव सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश से जुड़ा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1980 में अल्मोड़ा महाविद्यालय से राजनीति विज्ञान विषय में एमए की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद वे संघ एवं विद्यार्थी परिषद से जुड़े रहे। वर्ष 1981 से कुछ वर्षों तक दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) में सेवा दी और ट्रेड यूनियनों से भी जुड़े रहे। नौकरी छोड़ने के बाद वे अपने पैतृक गाँव सौला भट्ट स्टेट, भवानीखेत, डौड़ाखाल लौटे और कृषि एवं बागवानी के कार्यों में जुट गए।
वर्ष 1996 में पहले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनमानस के आग्रह पर उन्होंने ताड़ीखेत ब्लॉक के सगनेटी क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वर्ष 2002-03 में अपने गाँव से वन पंचायत सरपंच चुने गए। इसके बाद पूरे विकासखंड के सरपंचों के चुनाव में उन्हें निर्विरोध ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया। आगे चलकर जनपद अल्मोड़ा के सभी ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा किए गए चुनाव में उन्हें वन पंचायत का जिलाध्यक्ष भी निर्विरोध चुना गया।
वर्ष 2006-07 में भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष के रुप में जिम्मेदारी दी। निरंतर पार्टी से जुड़े रहने के बाद अब उन्हें भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति में स्थान दिया गया है।
उन्होंने बताया कि सामाजिक और सांस्कृतिक सरोकार उनके जीवन का प्रमुख हिस्सा रहे हैं। वे बिन्सर महादेव मंदिर के आजीवन सदस्य रहे हैं तथा वहां संचालित विद्यालय में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं।
इसके अलावा उन्होंने अपने घर के पास परिवार की करीब 30 नाली भूमि शांतिकुंज, हरिद्वार को निःशुल्क दान में दी। उन्होंने बताया कि उस समय शांतिकुंज के प्रमुख एवं देव संस्कृति विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य प्रणव पांड्या स्वयं उनके घर पहुंचे थे। इसके अतिरिक्त उन्होंने अपने पुराने गाँव जखोली, गनियादौली के समीप भी सदन के लिए निःशुल्क भूमि दान की है।
उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ाव आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




