देश-विदेश में चर्चित ‘हनुमान अंश’ फिल्म की युवा प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने किए कैंची धाम के दर्शन।
बाबा नीम करौली महाराज का लिया आशीर्वाद, नैनीताल पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना; एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. से की शिष्टाचार भेंट।
नैनीताल। वर्तमान में देश-विदेश में चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर एवं 21 वर्षीय अनूप्रिया नागर, जिन्हें India’s Youngest Producer के रुप में पहचान मिली है, ने अपने परिजनों एवं सहयोगियों के साथ विश्व प्रसिद्ध श्री कैंची धाम पहुंचकर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कार्तिक पालीवाल भी मौजूद रहे।
इस दौरान अनूप्रिया नागर ने कैंची धाम की महिमा एवं बाबा नीम करौली महाराज की आध्यात्मिक महिमा का बखान करते हुए धाम के प्रति अपनी श्रद्धा एवं आस्था व्यक्त की। उन्होंने कैंची धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए नैनीताल पुलिस एवं उत्तराखंड पुलिस द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की तथा पुलिस के प्रयासों को सराहा।

दर्शन के उपरांत फिल्म ‘हनुमान अंश’ की प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने वर्तमान में दर्शकों के बीच देश-विदेश में लोकप्रिय फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के संबंध में जानकारी साझा की तथा फिल्म की विषयवस्तु एवं उद्देश्य के बारे में विस्तार से बताया।
फिल्म ‘हनुमान अंश’ के माध्यम से भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था, संस्कार एवं बाबा नीम करौली महाराज की महिमा को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास के संबंध में भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. द्वारा फिल्म प्रोड्यूसर अनूप्रिया नागर, उनके परिवारजनों एवं सहयोगियों को शॉल ओढ़ाकर एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्होंने फिल्म की सफलता और अनूप्रिया नागर के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि श्री कैंची धाम देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। बाबा नीम करौली महाराज का आशीर्वाद सदैव सभी पर बना रहे। उन्होंने कहा कि बाबा की पावन भूमि श्री कैंची धाम में आकर दर्शन करना स्वयं में सौभाग्य की बात है।
उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करना नैनीताल पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




