राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ छात्रसंघ चुनाव, तानिया मठपाल बनीं अध्यक्ष।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। डॉ. प्रताप बिष्ट राजकीय महाविद्यालय भिकियासैंण में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अध्यक्ष पद को छोड़कर बाकी सभी पदों के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. साबिर हुसैन ने जानकारी दी कि छात्रसंघ चुनाव के तहत अध्यक्ष पद के लिए मतदान प्रातः 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक हुआ। इसके पश्चात अपराह्न 2:30 बजे से मतगणना का कार्य शुरु किया गया।

अध्यक्ष पद के लिए सिमरन गोस्वामी और तानिया मठपाल के बीच मुकाबला हुआ। कुल 159 मतों का मतदान हुआ, जिसमें तानिया मठपाल को 89 मत प्राप्त हुए, जबकि सिमरन गोस्वामी को 67 मत मिले। तीन मत अवैध पाए गए। इस प्रकार तानिया मठपाल ने सिमरन गोस्वामी को 22 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

छात्रा उपाध्यक्ष पद पर सुषमा, संयुक्त सचिव पद पर किरन, कोषाध्यक्ष पद पर दीपा नैलवाल और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर बिपिन बिष्ट निर्विरोध निर्वाचित हुए।

वहीं सचिव, उपाध्यक्ष छात्र, सांस्कृतिक सचिव एवं संकाय प्रतिनिधि के पद रिक्त रहे।

मतगणना के पश्चात चुनाव परिणामों की घोषणा की गई। इसके बाद प्रभारी प्राचार्य डॉ. मनप्रीत सिंह द्वारा सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनके पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन, राजस्व प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय परिवार ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *