राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में छात्रसंघ चुनाव निर्विरोध संपन्न, गीता कुंवर अध्यक्ष निर्वाचित।

हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, गौलापार में छात्रसंघ निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं निर्विरोध रुप से संपन्न हुई।

महाविद्यालय में छात्रसंघ के विभिन्न पदों के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत सभी पदों पर एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण निर्वाचन निर्विरोध संपन्न हुआ।

निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों में अध्यक्ष पद पर गीता कुंवर (बी.ए. पंचम सेमेस्टर), उपाध्यक्ष (छात्रा) पद पर कुसुम कुड़ाई (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), सचिव पद पर मंजू रुवाली (बी.ए. तृतीय सेमेस्टर), संयुक्त सचिव (छात्रा) पद पर खुशी आर्या (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर), कोषाध्यक्ष (छात्रा) पद पर खुशबू कुड़ाई (बी.ए. प्रथम सेमेस्टर) तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर उदिति पांडे (बी.ए. पंचम सेमेस्टर) का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश कलौनी द्वारा नवनियुक्त छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए छात्रहित में सक्रिय एवं रचनात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

प्रभारी प्राचार्य ने कहा कि छात्रसंघ महाविद्यालय में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ महाविद्यालय और विद्यार्थियों के मध्य सकारात्मक संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में छात्रसंघ का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न होना आपसी समन्वय, सौहार्द एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति विद्यार्थियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने भी छात्रहित में कार्य करने तथा महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का समापन नव निर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को शुभकामनाओं एवं उनके सफल कार्यकाल की मंगलकामना के साथ हुआ।

इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्रसंघ प्रभारी डॉ. हेमन्त बिनवाल, वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल व डॉ. महिराज मेहरा सहित अन्य प्राध्यापकगण, महाविद्यालय के कर्मचारी, नवनियुक्त छात्रसंघ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *