थौली-पाली क्षेत्र पंचायत सीट पर 11 में से एक नामांकन निरस्त, अब 10 प्रत्याशी मैदान में।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य थौली-पाली की सीट रिक्त रहने के बाद कुल 11 लोगों ने नामांकन किया था। नामांकन करने वाले प्रत्याशियों में लक्ष्मण सिंह सिनौड़ा, चंद्र सिंह पाली, सुरेश सिंह कोट असवाल, दीपा देवी गंगोड़ा, जय प्रकाश नेगी नौघरिया, महिपाल सिंह गुजरगड़ी, नंदन सिंह रावत चनूली, गंगा देवी गंगोड़ा, रोहित सिंह सीम, ललित मोहन पाली थौली और पूनम दनपौ शामिल थे।
शनिवार को नामांकन पत्रों की जाँच की गई, जिसमें एक प्रत्याशी महिपाल सिंह का नामांकन निरस्त पाया गया। इसके बाद कुल 10 प्रत्याशियों के नामांकन सही पाए गए हैं।
एडीओ पंचायत दिनेश राणा ने बताया कि रविवार को प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद 05 अक्टूबर को प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 12 अक्टूबर को बूथों पर मतदान होगा, जबकि 14 अक्टूबर को चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
क्षेत्र पंचायत सदस्य थौली-पाली के चुनाव को लेकर सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मालूम हो कि इस क्षेत्र से ब्लॉक प्रमुख रहे सतीश नैनवाल, जो वर्तमान विधायक रानीखेत डॉ. प्रमोद नैनवाल के अनुज थे, का करीब एक वर्ष पूर्व अचानक निधन हो गया था। इसके बाद से उक्त सीट कार्यकारी के भरोसे चल रही थी। अब इस सीट पर होने वाला चुनाव दिलचस्प माना जा रहा है।
वहीं, इसी विकासखंड भिकियासैंण में अलग-अलग ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत सदस्य के 16 पद रिक्त हैं। इन पदों के लिए भी नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और इनका चुनाव भी निर्धारित तिथियों के अनुसार 12 अक्टूबर को होना तय है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






