गांजा तस्करी मामले में फरार अभियुक्त गिरफ्तार, 72 घंटे के भीतर पुलिस ने दबोचा।

पुलिस टीम पर धारदार पातल से हमले के बाद हुआ था फरार, बन्नाखेड़ा से हुई गिरफ्तारी।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। गांजा तस्करी के मामले में फरार चल रहे अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को घटना के 72 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया।

चेकिंग के दौरान 25.240 किलोग्राम गांजा बरामद, तीन अभियुक्त हुए थे गिरफ्तार:
दिनांक 09 अक्टूबर 2026 को जैनल से देघाट जाने वाले मार्ग पर चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार व्यक्तियों के कब्जे से कुल 25.240 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। इस दौरान तीन अभियुक्तों को मौके पर गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तारी से बचने के लिए अभियुक्तों ने अचानक पुलिस टीम पर धारदार पातल से हमला कर दिया, जिसमें तीन पुलिस अधिकारियों को गंभीर चोटें आईं। इस दौरान मौके का फायदा उठाकर एक अभियुक्त जगदीश सिंह फरार हो गया था।

पुलिस टीमों ने 72 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार:
इस मामले में सीओ रानीखेत भावना कैंथोला के पर्यवेक्षण एवं थानाध्यक्ष भतरौंजखान अवनीश कुमार, थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह तथा प्रभारी एसओजी सुनील धानिक के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।

गठित पुलिस टीमों ने लगातार सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की सहायता से कार्रवाई करते हुए मुकदमा उपरोक्त में वांछित अभियुक्त जगदीश सिंह को घटना के 72 घंटे के भीतर बन्नाखेड़ा, थाना बाजपुर, जनपद उधम सिंह नगर से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *