थौली-पाली क्षेत्र पंचायत उपचुनाव में छह प्रत्याशी मैदान में, आज होगा मतदान।
चार बूथों पर डाले जाएंगे वोट, करीब 1,700 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के अंतर्गत त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव में क्षेत्र पंचायत सदस्य थौली-पाली सीट पर छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इस सीट के लिए सोमवार को मतदान होगा।
छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में:
थौली-पाली क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों में लक्ष्मण सिंह निवासी ग्राम सिनौड़ा, चंद्र सिंह निवासी पाली, जय प्रकाश नेगी निवासी नौघरिया, नंदन सिंह रावत निवासी चनूली, गंगा देवी निवासी गंगोड़ा तथा ललित मोहन निवासी पाली-थौली शामिल हैं।
प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मांगे वोट:
रविवार को मतदान से पहले प्रत्याशियों ने घर-घर जाकर मतदाताओं से मुलाकात की और अपने समर्थन में वोट मांगे। पाली निवासी चंद्र सिंह ने अपने समर्थकों के साथ चुनाव चिह्न ‘अंगूठी’ के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों से संपर्क किया और अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
चार बूथों पर होगा मतदान:
थौली-पाली क्षेत्र पंचायत सीट के लिए चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय विद्यालय देवलीखाल, गंगोड़ा, नौघरिया और सोली शामिल हैं। रविवार को सभी बूथों पर मतदान कर्मी पहुंच गए।
मतदान सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा। थौली-पाली क्षेत्र पंचायत सीट पर लगभग 1,700 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






