‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत @2047’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित।

रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रानीखेत में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत—विकसित भारत @2047’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अरुण रावत उपस्थित रहे। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पुष्पेश पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, विकास योजनाओं तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के प्रति जागरुक करना रहा।

युवाओं की भूमिका और नागरिक सहभागिता पर दिया जोर:
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अर्णव रावत ने अपने विचार व्यक्त करते हुए विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका तथा देश के विकास में नागरिकों की सक्रिय सहभागिता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने और सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. बबीता कांडपाल ने उपस्थित अतिथियों एवं अन्य जनों को अभियान के उद्देश्यों, आयोजन तथा इसके अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरुकता विकसित करने तथा उन्हें विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने के महत्व पर प्रकाश डाला।

निबंध, पोस्टर, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन:
कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, पोस्टर, भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, विचारशीलता और अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम —

निबंध प्रतियोगिता:
● प्रथम स्थान — टीना
● द्वितीय स्थान — संजना
● तृतीय स्थान — शगुन

पोस्टर प्रतियोगिता:
● प्रथम स्थान — कंचन
● द्वितीय स्थान — अपूर्वा

भाषण प्रतियोगिता:
● प्रथम स्थान — ऋतु
● द्वितीय स्थान — शगुन
● तृतीय स्थान — नैना

गृह विज्ञान विभाग द्वारा रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय दिया।

कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. पारुल भारद्वाज ने किया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. सत्यमित्र, डॉ. रेखा भट्ट, डॉ. कमल तथा डॉ. लक्ष्मी ने विशेष सहयोग प्रदान किया।

छात्रसंघ अध्यक्ष विनीत कुँवर, उपाध्यक्ष अमीषा, सचिव कार्तिक सती, संयुक्त सचिव अंजलि एवं नेहा सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

इस अवसर पर ध्यान सिंह नेगी, गिरीश भगत, मनीष भैंसोड़ा, मजीत भगत, सतीश नेगी, पत्रकार यशपाल बिष्ट, पत्रकार नन्द किशोर गर्ग तथा राजेंद्र बिष्ट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *