सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरुकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा की सचिव अनामिका सिंह के निर्देश पर सुरक्षित बचपन अभियान के तहत सनराइज कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल भिकियासैंण में जागरुकता शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में पैनल अधिवक्ता भोले शंकर ने विद्यार्थियों को नालसा की बच्चों के लिए बाल-अनुकूल कानूनी सेवाओं सहित विभिन्न कानूनी प्रावधानों और बच्चों के अधिकारों की जानकारी देकर जागरुक किया।
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012, यौन उत्पीड़न, बाल-विवाह निषेध, बाल श्रम, बाल तस्करी, असुरक्षित स्पर्श, शिक्षा का अधिकार, समानता का अधिकार, बच्चों के कानूनी अधिकार और निःशुल्क कानूनी सहायता के विषय में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरुक करते हुए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी गई। इस दौरान सुरक्षित बचपन अभियान के पंफलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन हेमा पाण्डेय ने किया।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल








