झांसी से गिरफ्तार गिरधारी लाल साहू का लंबा आपराधिक इतिहास, 44 संगीन मुकदमे दर्ज।
देहरादून। रोशनी और खुशियों के त्यौहार दीपावली पर जहां हर तरफ दीप जल रहे हैं, वहीं उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को इस बार त्यौहार जेल की सलाखों के पीछे बिताना होगा।
पुलिस की कार्रवाई:
रिपोर्ट्स के मुताबिक, देहरादून पुलिस ने गिरधारी लाल साहू को झांसी से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उनके साथ उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ को भी बरेली से हिरासत में लेकर जेल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि पप्पू गिरधारी लंबे समय से फरार चल रहे थे और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस टीम ने झांसी के ग्वालियर रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार किया और देहरादून ले आई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरधारी लाल साहू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और रंगदारी समेत 44 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वह बरेली में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी नामजद रह चुके हैं।
व्यावसायिक साम्राज्य की भी जाँच शुरु:
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने साहू के व्यावसायिक साम्राज्य पर भी शिकंजा कसना शुरु कर दिया है। वर्तमान में जाँच एजेंसियां उनकी चार कंपनियों के दस्तावेजों, बैंक खातों के वित्तीय लेनदेन और आयकर रिटर्न की गहन जाँच कर रही हैं।
मामले की जाँच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) आगे की पूछताछ के लिए न्यायालय से गिरधारी लाल साहू की पुलिस कस्टडी रिमांड लेने की तैयारी में है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











