नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस।

नैनीताल। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर डीएसए मैदान, नैनीताल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में माननीय सांसद अजय भट्ट ने मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की। वहीं जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने विशिष्ट अतिथि के रुप में प्रतिभाग किया।

इस दौरान समारोह में उपस्थित स्थानीय नागरिकों और जनसमूह को उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले अमर राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, अदम्य त्याग और बलिदान को शत-शत नमन करते हुए प्रदेश की निरंतर उन्नति एवं समृद्धि की मंगलकामना की गई।

इस अवसर पर विशेष रुप से ‘हिमालयन फूड फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही स्थानीय पहाड़ी दलहन एवं अन्य पहाड़ी उत्पादों के भी विशेष स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों पर माननीय सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी नैनीताल, एसएसपी नैनीताल, एसपी संचार नैनीताल आर.डी. मठपाल सहित उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने जमकर खरीदारी की। साथ ही सभी ने लजीज पहाड़ी व्यंजनों का भी आनंद लिया।

समारोह में नैनीताल पुलिस की अग्निशमन इकाई समेत विभिन्न विभागों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र रहे। अग्निशमन इकाई की टीम ने अग्निशमन सुरक्षा उपकरणों की उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी और लोगों को अग्निशमन सुरक्षा के प्रति जागरुक भी किया।

इस भव्य समारोह के दौरान प्रतीक जैन (उपजिलाधिकारी नैनीताल), विनय सिंह (सीओ भवाली), राजेंद्र सिंह रावत (प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल), प्रभारी अग्निशमन इकाई मल्लीताल सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *