हल्द्वानी में 10 साल से चल रहे हनीट्रैप और सेक्सटॉर्शन के खेल का खुलासा, करोड़ों की वसूली और संपत्ति हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज।
स्टोन क्रशर स्वामी को वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी नैनीताल के सामने रखी आपबीती।
हल्द्वानी (नैनीताल)। जनपद में हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने सख्त रुख अपनाया है। हल्द्वानी में पिछले 10 वर्षों से कथित तौर पर चल रहे हनीट्रैप और सेक्सटॉर्शन के खेल का मामला सामने आया है। इसमें करोड़ों रुपये की वसूली करने और संपत्ति हड़पने के आरोप लगाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, एक स्टोन क्रशर स्वामी को वीडियो वायरल करने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जा रहा था। हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग से मानसिक रुप से परेशान होकर आत्महत्या करने की स्थिति में पहुंचे पीड़ित ने एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के समक्ष अपनी शिकायत रखी।
एसएसपी नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाँच कराई। जाँच में सामने आया कि विगत 10 वर्षों से मो. मुश्ताक, महिला ज्योति सिंह सहित अन्य लोगों द्वारा वीडियो वायरल करने, झूठे मुकदमे में फंसाने और बच्चे के नाम पर डराकर पीड़ित से करोड़ों रुपये की वसूली की गई।
इसके साथ ही करोड़ों रुपये के प्लॉट, कार और स्कूटी हड़पने तथा संपत्ति के नाम पर ब्लैकमेलिंग किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर मामले में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरु कर दी गई है। मामले में मो. मुश्ताक, ज्योति सिंह सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं।
एसएसपी नैनीताल ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जनपद में हनीट्रैप, सेक्सटॉर्शन और ब्लैकमेलिंग का खेल चलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे गिरोहों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। किसी की जिंदगी से खिलवाड़ करने की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल











