अल्मोड़ा में राज्य स्तरीय अंडर-21 फुटबॉल प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, आठ टीमें दिखा रहीं दमखम।

अल्मोड़ा। हेमवती नंदन बहुगुणा खेल स्टेडियम, अल्मोड़ा में अनुसूचित जाति बालक वर्ग की राज्य स्तरीय आमंत्रण अंडर-21 फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलख्वाल एवं जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी द्वारा संयुक्त रुप से किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।

खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य, उत्तराखंड फुटबॉल एसोसिएशन एवं जिला फुटबॉल संघ के समन्वय तथा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता 29 नवंबर 2026 तक चलेगी। प्रतियोगिता में देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, पौड़ी, मुनस्यारी, रुद्रप्रयाग एवं अल्मोड़ा की कुल आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले नॉकआउट पद्धति से खेले जा रहे हैं।

प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला अल्मोड़ा एवं नैनीताल की टीमों के बीच खेला गया। निर्धारित समय में दोनों टीमें 2-2 गोल की बराबरी पर रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अल्मोड़ा ने 1-0 से जीत दर्ज की। अल्मोड़ा की ओर से अक्षत एवं वैभव ने एक-एक गोल किया, जबकि नैनीताल की ओर से अंश आर्या एवं मयंक ने एक-एक गोल किया। पेनल्टी शूटआउट में गौरव ने गोल कर अल्मोड़ा को विजय दिलाई।

प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला रुद्रप्रयाग एवं पौड़ी के मध्य खेला गया, जिसमें रुद्रप्रयाग ने पौड़ी को 2-1 से पराजित किया। रुद्रप्रयाग की ओर से मोहित एवं आयुष ने एक-एक गोल किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका फुटबॉल प्रशिक्षक मनीष कनवाल, सूरज गोस्वामी, पीयूष सैनी, राकेश एवं दीपक कठायत ने निभाई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, दर्शन रावत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *