नवागत एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने संभाला नैनीताल पुलिस का कार्यभार, सिलक्यारा रेस्क्यू से लेकर SDRF नेतृत्व तक रहा उल्लेखनीय सेवाकाल।

हल्द्वानी (नैनीताल)। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल अर्पण यदुवंशी (IPS) ने जनपद में आगमन के बाद काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात उन्होंने 27 नवंबर 2026 को नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया।

वर्ष 2017 बैच के भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी अर्पण यदुवंशी अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणाममुखी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। अपने अब तक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है।

पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचने पर सर्वप्रथम सलामी गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। इसके उपरांत नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

सेवाकाल के प्रमुख कार्य एवं उपलब्धियां –

1- पुलिस अधीक्षक, रेलवे (GRP):
पुलिस अधीक्षक रेलवे के पद पर रहते हुए उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में कानून-व्यवस्था एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभाई। साथ ही रेलवे संबंधी अपराधों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाई।

2- पुलिस अधीक्षक, उत्तरकाशी:
करीब 2.5 वर्षों तक उत्तरकाशी जनपद में पुलिस अधीक्षक के पद पर रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण का संचालन किया। गंगोत्री-यमुनोत्री यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया। इसी कार्यकाल में उन्होंने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में घटना कमांडर के रुप में नेतृत्व किया। विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

3- सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF):
लगभग दो वर्षों तक उन्होंने SDRF का नेतृत्व किया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण अभियानों एवं उपलब्धियों से जुड़े रहे।
● प्रयागराज महाकुंभ 2025: एक माह तक SDRF की तैनाती एवं संचालन का नेतृत्व किया।
● धराली आपदा, अगस्त 2025: अभियान के दौरान 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया तथा 17,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया।
● ISO प्रमाणन: उनके नेतृत्व में SDRF उत्तराखंड पहला ऐसा आपदा बल बना, जिसे ISO 9001:2015 का प्रमाणन प्राप्त हुआ।
● आपदा जागरुकता: उनके कार्यकाल में लगभग 1,80,000 लोगों को आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के प्रति जागरुक किया गया।

राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान:
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया तथा सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया। उन्होंने NCGG, LBSNAA और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में आपदा प्रबंधन के विषय पर व्याख्यान भी दिए।

प्रमुख सम्मान एवं पुरस्कार:
अपने उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक 2024, महाकुंभ सेवा पदक 2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, NDMA से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क (सिल्वर) सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।

नवनियुक्त एसएसपी अर्पण यदुवंशी के अनुभव एवं नेतृत्व से नैनीताल पुलिस बल जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करने की दिशा में कार्य करेगा।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *