अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा ने जिला आबकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण।
अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा ने जिला आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड कक्ष तथा विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय पर कार्यालय में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में स्थापित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को हर समय क्रियाशील रखने तथा सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसके संचालन का समुचित ज्ञान सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय एवं रिकॉर्ड कक्ष में रखे सभी अभिलेख सुव्यवस्थित ढंग से संधारित किए जाएं, जिससे आवश्यकतानुसार रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके। साथ ही कार्यालय के सभी कक्षों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखते हुए स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के क्षेत्रीय भ्रमण का समुचित अभिलेखीकरण सुनिश्चित करने के लिए कार्यालय में भ्रमण पंजिका तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फील्ड भ्रमण का विवरण भ्रमण पंजिका में नियमित रुप से अंकित किया जाए, जिससे क्षेत्रीय गतिविधियों का समुचित अभिलेख उपलब्ध रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










