उत्तराखंड पीसीएस-2026 में चयनित हुए अंकुर पंत, क्षेत्र में खुशी की लहर।

भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड भिकियासैंण के भतरौंजखान क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लौकोट निवासी एवं पूर्व ग्राम प्रधान कैलाश पंत के पुत्र अंकुर पंत का उत्तराखंड पीसीएस-2026 परीक्षा में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में हर्ष और उत्साह का माहौल है।

इस उपलब्धि पर श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ग्राम लौकोट पहुंचे, जहां उन्होंने अंकुर पंत एवं उनके परिजनों को पुष्पमाला पहनाकर तथा गुलदस्ता भेंट कर शुभकामनाएं दीं।

अंकुर पंत की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अंकुर पंत वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश पंत के चचेरे भाई हैं।

अपनी सफलता पर अंकुर पंत ने कहा कि उनकी इस उपलब्धि का श्रेय उनकी माता कमला पंत, पिता, गुरुजनों तथा परिवार के सहयोग और आशीर्वाद को जाता है। उन्होंने कहा कि परिवार के विश्वास और निरंतर समर्थन ने उन्हें यह मुकाम हासिल करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर श्रम संविदा बोर्ड अध्यक्ष कैलाश पंत ने कहा कि अंकुर पंत की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सफलता से अन्य युवा भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समर्पण और लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।

क्षेत्रवासियों ने अंकुर पंत को उत्तराखंड पीसीएस-2026 में चयन पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस उपलब्धि पर क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *