अंकुरित सामाजिक एवं शिक्षा फाउंडेशन में हिंदी दिवस पर विविध कार्यक्रम आयोजित।

धारचूला (पिथौरागढ़)। हिंदी भाषा के प्रति जागरुकता बढ़ाने और बच्चों में अपनी मातृभाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से अंकुरित सामाजिक एवं शिक्षा फाउंडेशन में हिंदी दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान हिंदी भाषा के महत्व, उसकी समृद्ध विरासत तथा दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को लेकर बच्चों एवं उपस्थित लोगों को जागरुक किया गया।

कार्यक्रम में संस्था से जुड़े बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने हिंदी भाषा से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को हिंदी के गौरवशाली इतिहास, साहित्यिक समृद्धि और देश की एकता में हिंदी की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। नई पीढ़ी को हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ इसके सही प्रयोग के लिए भी प्रेरित किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के उत्साह और सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें हिंदी भाषा के प्रति निरंतर जुड़ाव बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष राकेश बिष्ट, उपाध्यक्ष नरसा देवी, कोषाध्यक्ष ललित सिंह, प्रबंधक सुनील कुमार, संरक्षक देवेन्द्र मर्तोलिया, गायत्री स्कूल शाखा प्रमुख ज्योति बिष्ट, ग्वालगाँव शाखा प्रमुख अंजू थापा तथा सहायक शिक्षिका अंजलि परिहार सहित अन्य पदाधिकारी, शिक्षक एवं सदस्य उपस्थित रहे।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *