राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न, पवन कुमार और काजल पांडे बने चैंपियन।
रामगढ़ (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय रामगढ़ की वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में पवन कुमार और महिला वर्ग में काजल पांडे चैंपियन बने। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विभिन्न दौड़ प्रतियोगिताओं के परिणाम —
■ 100 मीटर दौड़: पुरुष वर्ग में पवन कुमार ने प्रथम, कमल नेगी ने द्वितीय और पीयूष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में शीतल प्रथम, ज्योति द्वितीय और पायल तृतीय स्थान पर रहीं।
■ 200 मीटर दौड़: पुरुष वर्ग में कमल ने प्रथम, प्रकाश ने द्वितीय और पीयूष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में काजल प्रथम, अपर्णा द्वितीय और पायल तृतीय स्थान पर रहीं।
■ 400 मीटर दौड़: पुरुष वर्ग में प्रकाश प्रथम, गौरव वर्मा द्वितीय और कमल नेगी तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में नित्या, काजल और शीतल ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
■ 800 मीटर दौड़ (बालिका वर्ग): नित्या प्रथम, गुंजन द्वितीय और ललिता बिष्ट तृतीय स्थान पर रहीं।
■ 1500 मीटर दौड़: पुरुष वर्ग में पवन प्रथम, प्रकाश द्वितीय और महेंद्र तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में ललिता बिष्ट ने प्रथम, नित्या ने द्वितीय और भूमिका बिष्ट ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
लंबी कूद और ऊंची कूद के परिणाम —
■ लंबी कूद: पुरुष वर्ग में पवन कुमार प्रथम, प्रियांशु पाल द्वितीय और सारांश पाल तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में काजल प्रथम, गुंजन द्वितीय और नित्या तृतीय स्थान पर रहीं।
■ ऊंची कूद: बालिका वर्ग में गुंजन ने प्रथम, काजल ने द्वितीय और ज्योति आर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
चक्का फेंक और गोला फेंक प्रतियोगिता —
■ चक्का फेंक: पुरुष वर्ग में सारांश पाल प्रथम, पवन द्वितीय और पीयूष तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में मोहिता प्रथम, पायल द्वितीय और ज्योति आर्य तृतीय स्थान पर रहीं।
■ गोला फेंक: इस प्रतियोगिता में कमल, प्रियांशु, पीयूष, अपर्णा, मोहिता और काजल पांडे ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए।
मुख्य अतिथि ने स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क का दिया संदेश:
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी ने छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। इसलिए हार-जीत की भावना से परे होकर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना आवश्यक है।
विशिष्ट अतिथि उप शिक्षा अधिकारी प्रवीन अजरा ने कहा कि महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को बौद्धिक शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक शिक्षा में भी निपुण होना चाहिए। इस तरह की प्रतियोगिताएं इस दिशा में अनुकरणीय हैं।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज मल्ला रामगढ़ से मनोज कुमार पांडे, मुक्तेश्वर विद्यालय से जीवन सिंह पवार और पोखरी विद्यालय से महेश सिंह बिष्ट विशिष्ट अतिथि एवं क्रीड़ा विशेषज्ञ के रुप में उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ:
इससे पूर्व प्राचार्य एवं अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. निर्मला रावत ने किया।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. हरीश चन्द्र जोशी ने सभी खिलाड़ियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया तथा क्रीड़ा प्रतियोगिता की रुपरेखा सभी के सम्मुख रखी।
मशाल दौड़ और मार्च पास्ट ने बढ़ाया उत्साह:
मशाल दौड़ में पूर्व चैंपियन नित्या शाह ने दौड़ लगाई। छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट किया, जिसकी सलामी प्राचार्य प्रोफेसर नगेंद्र द्विवेदी ने ली। योग शिक्षिका तनुजा जोशी ने सुंदर संगीत के साथ योग की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं को संपन्न कराने में डॉ. विमला सिंह, डॉ. हीरा सिंह भाकुनी, डॉ. श्वेता विश्नोई, डॉ. नीमा पन्त, डॉ. हरेश राम, तनुजा जोशी, कविंद्र प्रसाद, हिमांशु बिष्ट, दीप्ति, गणेश सिंह बिष्ट, कुंदन गोस्वामी, कमलेश डोभाल और प्रेम भारती प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल








