समाज कल्याण विभाग की विवाह अनुदान योजनाओं के लिए आवेदन शुरु।
अल्मोड़ा। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न विवाह अनुदान योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पाण्डे ने बताया कि अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की पुत्रियों के विवाह, सामान्य वर्ग की विधवा पेंशन प्राप्त निराश्रित विधवाओं की पुत्रियों के विवाह तथा दिव्यांग युवक-युवतियों से विवाह करने पर प्रोत्साहन अनुदान का लाभ प्रदान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों की सहायता करना तथा दिव्यांग व्यक्तियों के विवाह को प्रोत्साहित करना है। पात्र लाभार्थियों को ₹50,000/- की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है, जो सीधे उनके बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
अनुसूचित जाति के व्यक्तियों की पुत्रियों के विवाह तथा निराश्रित विधवाओं की पुत्रियों के विवाह हेतु संचालित अनुदान योजनाओं के लिए आवेदन ऑनलाइन किए जाएंगे। इसके लिए निर्धारित अंतिम तिथि 28 फरवरी 2027 है। आवेदन सामाजिक सुरक्षा पोर्टल ssp.uk.gov.in तथा अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। आवेदन के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
वहीं, दिव्यांग विवाह प्रोत्साहन अनुदान योजना के लिए आवेदन ऑफलाइन माध्यम से किए जाएंगे। इसके आवेदन पत्र संबंधित जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि योजनाओं से संबंधित अधिक जानकारी संबंधित विकासखंड में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय अथवा समाज कल्याण विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.socialwelfare.uk.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




