राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित।
हल्द्वानी (नैनीताल)। राजकीय महाविद्यालय हल्द्वानी शहर, गौलापार में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित माहवार कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत ‘राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता जागरुकता’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सांस्कृतिक समरसता की भावना को प्रोत्साहित करना था।
इस अवसर पर स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का चलचित्र प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों को इस स्मारक के ऐतिहासिक महत्व एवं सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र एकीकरण में अतुलनीय योगदान की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की छात्रा लक्ष्मी जोशी एवं छात्र सचिन सिंह मेहरा ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव तथा भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व पर अपने विचार एवं अनुभव साझा किए। उन्होंने देश की विभिन्न भाषाओं, वेशभूषाओं, रीति-रिवाजों एवं सांस्कृतिक परंपराओं को भारत की विशिष्ट पहचान बताते हुए विविधता में एकता की भावना को मजबूत बनाने पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने, जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्र के आधार पर भेदभाव से दूर रहने तथा आपसी भाईचारे और सद्भाव को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में इस बात पर भी बल दिया गया कि राष्ट्रीय एकता केवल एक औपचारिक संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। महाविद्यालय द्वारा पिछले एक वर्ष से प्रत्येक माह इस प्रकार की गतिविधियों का आयोजन कर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नागरिक मूल्यों के विकास का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन प्राध्यापक डॉ. बसंत नेगी द्वारा किया गया।
अंत में महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रो. कैलाश चंद्र कलौनी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे जाति, धर्म, भाषा एवं क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना को मजबूत करें तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रुप में राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. भारती बहुगुणा, डॉ. प्रकाश मठपाल एवं डॉ. वीरेंद्र सिंह सहित अन्य प्राध्यापक, महाविद्यालय के कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल








