स्याल्दे में महिला सशक्तिकरण के लिए बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
स्याल्दे/भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) तथा जड़ी-बूटी व पर्यावरण शोध समिति के संयुक्त तत्वावधान में महिला सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामुदायिक भवन तलाई में बेकरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं एवं स्थानीय प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बेकरी से संबंधित विभिन्न तकनीकों एवं कौशलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।
प्रशिक्षक दीपक सिंह के अनुसार यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत उपयोगी एवं सराहनीय रहा। प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण के माध्यम से बेकरी उत्पादों के निर्माण की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की, जिससे भविष्य में स्वरोजगार की संभावनाएँ बढ़ेंगी।
ग्राम प्रधान सोनिया शर्मा ने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के जनहितकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
कार्यक्रम में संस्था के कृष्ण सिंह, नवीन सिंह, तुषार, सुभाष सिंह सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल










