भिकियासैंण–भतरौंजखान मोटर मार्ग पर भालू की दहशत, ग्रामीणों में भय का माहौल।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। तहसील भिकियासैंण से मात्र तीन किलोमीटर दूर आज रविवार सुबह लगभग 7 बजे नैनीसेरा भूमिया मंदिर के पास सड़क किनारे पैराफिट पर बैठा एक विशालकाय भालू देखा गया। यह भालू देघाट से भिकियासैंण होते हुए अल्मोड़ा जा रही टेंपो ट्रैवल में सवार वाहन चालक गोस्वामी एवं बिट्टू टम्टा द्वारा देखा गया।
वाहन चालक के अनुसार भालू दोनों पैरों पर खड़ा था, और जैसे ही वाहन उसके समीप पहुंचा, भालू ने नीचे की ओर छलांग लगा दी। चालक ने बताया कि उन्होंने इस मार्ग पर आज तक इतना बड़ा भालू पहले कभी नहीं देखा।
घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई। नैनीसेरा, लछमोला, नौबा, सौरे, कुणझिड़ा सहित कई गाँवों के लोग भयभीत हैं। बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया है, वहीं लोगों को सुबह-शाम आवागमन में भी डर सता रहा है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को पकड़ने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर गश्त के लिए पहुंची। टीम में वन दरोगा विपिन तोमर, सोनी विमल, वीबी हिमानी, वीबी सुजीत कुमार सहित फायर वॉचर मौजूद रहे। टीम ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और यदि दोबारा किसी प्रकार की हलचल दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
भालू दिखाई देने वाले स्थान पर बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी एकत्र हुए, जिनमें खीमनाथ, महेशनाथ, रघुनाथ, रमेश चंद्र, प्रकाश चंद्र, दीपांशु, करण, अजय, अमरनाथ, चंदन सिंह, हरशु सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक भालू को सुरक्षित तरीके से नहीं पकड़ा जाता, तब तक क्षेत्र में भय बना रहेगा। सबसे बड़ी चिंता बच्चों की सुरक्षा को लेकर है।
रिपोर्टर- रिया सोलीवाल















