तीनपानी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार के चलते पलटी कार, SSP नैनीताल मंजूनाथ टी.सी. पहुंचे घटनास्थल।
हादसे की सूचना मिलते ही SSP ने संभाला मोर्चा, पुलिस टीमों को दिए आवश्यक निर्देश; अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल।
नैनीताल। दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को समय लगभग 15:25 बजे वाहन संख्या UK02A2544 (Ford Figo) बाईपास रोड पर गोलापुल की ओर से लालकुआं की तरफ जा रहा था। इसी दौरान तीनपानी फ्लाईओवर के पास तेज गति के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। वाहन में चार लोग सवार बताए जा रहे थे। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंस सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, मुखानी एवं बनभूलपुरा सहित संबंधित पुलिस टीमों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटना का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही राहत एवं बचाव कार्यों को तत्परता से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
एसएसपी नैनीताल ने आमजन, विशेषकर अभिभावकों और स्टूडेंट्स से अपील करते हुए कहा कि अपने नाबालिग बच्चों को वाहन न दें। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन पर नियंत्रण बनाए रखें तथा यातायात नियमों का अनिवार्य रुप से पालन करें।
उन्होंने कहा कि आपकी थोड़ी-सी लापरवाही आपके साथ-साथ दूसरों के जीवन को भी खतरे में डाल सकती है। इसलिए सड़क पर वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें और यातायात नियमों का पालन करें। आपकी सतर्कता किसी की जिंदगी बचा सकती है।
एसएसपी नैनीताल ने दुर्घटना में घायल व्यक्तियों का हाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनके उपचार के संबंध में जानकारी ली।
नैनीताल पुलिस द्वारा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल






