एचबी कार्यक्रम के तहत बच्चों को दी गंभीर बीमारियों की जानकारी।
खटीमा (उधम सिंह नगर)। एचबी पैथी कार्यक्रम के अंतर्गत राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, खटीमा में कक्षा 9 तथा कक्षा 10 के सभी बच्चों को थैलीसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और हीमोफीलिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही कक्षा 09 के सभी बच्चों की थैलीसीमिया की जाँच की गई। इसके अतिरिक्त सभी बच्चों को आनुवंशिक बीमारियों के कारण और समाधान से संबंधित एक पुस्तक का वितरण टीम द्वारा किया गया।
पैथी टीम में कमलेश मिश्रा, सोनम गिनवाल और अंजली काण्डपाल शामिल थे।
कमलेश मिश्रा ने बताया कि थैलेसीमिया एक वंशानुगत रक्त विकार है, जिसमें शरीर में सामान्य से कम ऑक्सीजन ले जाने वाला प्रोटीन (हीमोग्लोबिन) और कम लाल रक्त कोशिकाएं होती हैं।
विज्ञान शिक्षक रत्नाकर पाण्डेय ने बताया कि सिकल सेल रोग एक आनुवंशिक विकार है, जिसमें लाल रक्त कोशिकाएं हंसिया के आकार में परिवर्तित हो जाती हैं। कोशिकाएं जल्दी मर जाती हैं, जिससे स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं (सिकल सेल एनीमिया) की कमी हो जाती है और रक्त प्रवाह अवरुद्ध हो सकता है, जिससे दर्द (सिकल सेल संकट) हो सकता है।
साथ ही उन्होंने हीमोफीलिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हीमोफीलिया एक आनुवंशिक रोग है, जिसमें शरीर के बाहर बहता हुआ रक्त जमता नहीं है। इसके कारण चोट या दुर्घटना में यह जानलेवा साबित हो सकता है, क्योंकि रक्त का बहना जल्द बंद नहीं होता। विशेषज्ञों के अनुसार इस रोग का कारण एक रक्त प्रोटीन की कमी होती है, जिसे ‘क्लॉटिंग फैक्टर’ कहा जाता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद कुमार पांडेय ने स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। इस दौरान विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
रिपोर्टर – रिया सोलीवाल




















