मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के लिए विद्यार्थियों से आवेदन की अपील।

खटीमा महाविद्यालय में आवेदन प्रक्रिया शुरु, पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन राशि का लाभ।

खटीमा (उधम सिंह नगर)। हेमवती नन्दन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खटीमा में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आवेदन प्रक्रिया शुरु हो गई है। योजना के तहत निर्धारित पात्रता एवं मानदंडों को पूरा करने वाले स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को नियमानुसार प्रोत्साहन राशि/आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुनील कुमार कटियार ने पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना ऑनलाइन आवेदन अवश्य पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आवेदन से पूर्व योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं अन्य निर्धारित शर्तों की जानकारी ध्यानपूर्वक पढ़ लेनी चाहिए।

योजना के नोडल अधिकारी डॉ. धीरज गहतोड़ी ने बताया कि पात्र विद्यार्थी 15 अक्टूबर 2026 से पूर्व अपना ऑनलाइन आवेदन भरकर महाविद्यालय में जमा करना सुनिश्चित करें। आवेदन के लिए विद्यार्थियों को cmheiss.samarth.ac.in वेबसाइट पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करनी होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा किए बिना समय रहते आवेदन करने की अपील की।

नोडल अधिकारी ने बताया कि आवेदन करने से पहले विद्यार्थी योजना की पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध दिशा-निर्देशों के अनुसार सुनिश्चित कर लें। आवेदन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी समस्या अथवा जानकारी के लिए विद्यार्थी महाविद्यालय के संबंधित नोडल अधिकारी/कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

रिपोर्टर – रिया सोलीवाल

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *